- पप्पू सरदार ने चेशायर होम में दिव्यांगों संग बांटी खुशियां
Jamshedpur (Nagendra) जमशेदपुर में बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के जन्मदिन को लेकर आयोजित दो दिवसीय उत्सव का समापन शुक्रवार को उत्साह और उल्लास के साथ हुआ। शहर के चर्चित प्रशंसक पप्पू सरदार ने हर वर्ष की तरह इस बार भी पूरे भक्ति भाव और धूमधाम से माधुरी का जन्मदिन मनाया। कार्यक्रम के दूसरे दिन सुबह करनडीह स्थित चेशायर होम में मानसिक एवं शारीरिक रूप से निःशक्त लोगों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं। पप्पू सरदार अपने परिवार के साथ वहां पहुंचे और सभी को उपहार वितरित किए। इसके बाद माधुरी दीक्षित की तस्वीर के समक्ष दिव्यांगों के साथ मिलकर केक काटा गया। कार्यक्रम के दौरान चेशायर होम में रहने वाले लोगों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया तथा माधुरी दीक्षित की फिल्मों के लोकप्रिय गीतों पर जमकर नृत्य भी किया।
शाम को साकची बाजार स्थित आयोजन स्थल पर आम लोगों के बीच निःशुल्क चाट का वितरण किया गया। वहीं फुटपाथ पर बच्चों के मनोरंजन के लिए निःशुल्क झूले की व्यवस्था की गई थी, जिसका बच्चों ने खूब आनंद उठाया। तेज बारिश के बावजूद लगभग पांच हजार लोग पप्पू सरदार की चाट दुकान पहुंचे और इस अनोखे आयोजन में शामिल होकर माधुरी दीक्षित के जन्मदिन की खुशियों के साक्षी बने। कार्यक्रम में खासकर महिलाओं और युवतियों के बीच सेल्फी लेने की होड़ देखने को मिली।
बीती रात 12 बजे पंजाबी भांगड़ा डांस के साथ भव्य केक काटकर माधुरी दीक्षित का जन्मदिन त्योहर के रूप में मनाया गया। उल्लेखनीय है कि पप्पू सरदार पिछले 29 वर्षों से लगातार माधुरी दीक्षित का जन्मदिन उत्सव के रूप में मनाते आ रहे हैं, जिसके कारण उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान भी मिल चुकी है। इस आयोजन को सफल बनाने में हर वर्ष की तरह इस बार भी कई शुभचिंतकों का सहयोग प्राप्त हुआ।


No comments:
Post a Comment