Jamshedpur (Nagendra) मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय को लेकर झारखंड में व्यापक जन-जागरण अभियान प्रारंभ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में आगामी 30 मई 2026, शनिवार को संध्या 4:30 बजे, साकची स्थित काशीडीह सामुदायिक भवन में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया है। बैठक में मानवाधिकार, सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों, युवाओं एवं जागरूक नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। यह जानकारी मानवाधिकार कार्यकर्ता मनोज मिश्रा ने प्रेस को जारी बयान में दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आम नागरिकों के मौलिक एवं संवैधानिक अधिकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं।
समाज में अन्याय, शोषण, भ्रष्टाचार एवं सामाजिक असमानता बढ़ती जा रही है, जबकि आम जनता न्याय एवं अधिकारों के लिए संघर्ष करने को विवश है। उन्होंने कहा कि “आज स्थिति यह है कि जनता को जाति एवं धर्म के नाम पर बांटकर सामाजिक विकास और जनहित के मूल मुद्दों से भटकाया जा रहा है। रक्षक ही भक्षक की भूमिका में दिखाई दे रहे हैं और आम लोग अपने संवैधानिक अधिकारों से वंचित होते जा रहे हैं। ऐसे समय में समाज के सभी जागरूक लोगों को एकजुट होकर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आना होगा।” मनोज मिश्रा ने बताया कि प्रस्तावित जन-जागरण अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति को उसके संवैधानिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, मानवाधिकारों एवं नए कानूनों के प्रति जागरूक बनाना है।
बैठक में मानवाधिकार संरक्षण, सामाजिक न्याय, विधिक जागरूकता, युवाओं की भागीदारी, जनसंगठन निर्माण एवं भ्रष्टाचार मुक्त समाज की दिशा में रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने समाज के जागरूक नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, अधिवक्ताओं एवं समाजसेवियों से इस जन-अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने एवं इसे जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।

No comments:
Post a Comment