Jamshedpur (Nagendra) पूर्वी सिंहभूम में शहर की सफाई और नागरिक सुविधाओं को लेकर प्रशासन अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है। उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में आयोजित नगर निकायों की समीक्षा बैठक में साफ-सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए।
सुबह 5 बजे से पहले सफाई का आदेश -बैठक में पायलट प्रोजेक्ट के तहत मार्केट प्लेस और प्रमुख सड़कों की सफाई सुबह 5 बजे से पहले या रात में ही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन का मानना है कि इससे शहर दिनभर साफ-सुथरा रहेगा। इस अभियान की सफलता के बाद इसे अन्य इलाकों में भी लागू किया जाएगा।
दो दिन में पानी की व्यवस्था, एक हफ्ते में वाटर ATM-गर्मी को देखते हुए उपायुक्त ने सभी सार्वजनिक स्थलों पर दो दिनों के भीतर घड़ा और सुराही के जरिए पेयजल की अस्थायी व्यवस्था करने का निर्देश दिया। साथ ही एक सप्ताह के अंदर चिन्हित स्थानों पर वाटर एटीएम लगाने और चालू करने को कहा गया। साथ ही जहां पानी की समस्या है, वहां टैंकर से आपूर्ति सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।
स्ट्रीट लाइट, शौचालय और सफाई पर सख्ती-सभी नगर निकायों को सार्वजनिक शौचालयों में साफ-सफाई, बिजली और पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। स्ट्रीट लाइट की नियमित मॉनिटरिंग करने और खराब लाइट को जल्द ठीक करने को कहा गया। साथ ही कचरा प्रबंधन को लेकर सख्ती दिखाते हुए सार्वजनिक जगहों पर गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाने का निर्देश दिया गया।
बरसात से पहले नालों की सफाई जरूरी-आगामी बारिश को देखते हुए सभी नालों की सफाई समय रहते पूरी करने का आदेश दिया गया। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को और मजबूत करने तथा अधिकारियों को रोजाना फील्ड निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य और रोजगार योजनाओं पर फोकस-आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने, डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही शहर की आबादी को रोजगार और स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। कुल मिलाकर, प्रशासन ने साफ संकेत दे दिया है कि अब लापरवाही नहीं चलेगी और शहर को साफ-सुथरा व सुविधाजनक बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।

No comments:
Post a Comment