Jamshedpur (Nagendra) जिला विधिक सेवा प्राधिकार जमशेदपुर द्वारा सेन्ट्रल जेल घाघीडीह में महिला बंदियों के लिए एक विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला जेलमेट्स को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार की भूमिका के संबंध में जागरूक करना था। इस कार्यक्रम में मुख्य संसाधन व्यक्तियों के रूप में डीएलएसए, जमशेदपुर के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल विदेश सिन्हा तथा सहायक लीगल एड डिफेंस काउंसिल रंजना कुमारी उपस्थित थीं। कार्यक्रम के दौरान महिला बंदियों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, महिला संरक्षण संबंधी कानूनों तथा न्याय तक आसान पहुंच के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को डीएलएसए द्वारा निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। वहीं डीएलएसए सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने महिला बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को न्याय पाने का अधिकार है तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक न्याय पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने महिला बंदियों को किसी भी कानूनी समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर निःसंकोच डीएलएसए से संपर्क करने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम में उपस्थित संसाधन व्यक्तियों ने महिला बंदियों के प्रश्नों का उत्तर भी दिया तथा उन्हें विधिक सहायता योजनाओं और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।


No comments:
Post a Comment