Upgrade Jharkhand News. एग्रिको हेल्थ एसोसिएशन द्वारा आयोजित 14वें समर कैंप का भव्य उद्घाटन आज प्रातः एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में मुख्य अतिथि श्री अभिषेक अग्रवाल “गोल्डी” (अध्यक्ष, पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन) एवं चेयरमैन श्री गोपाल अग्रवाल द्वारा बैलून उड़ाकर किया गया। उद्घाटन के साथ ही पूरे परिसर में उत्साह, उमंग एवं ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर लगभग 500 से अधिक बच्चों ने आकर्षक जुंबा डांस, व्यायाम एवं विभिन्न शारीरिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों का उत्साह एवं अनुशासन उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
यह समर कैंप प्रतिवर्ष गर्मी की छुट्टियों में बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। कैंप के माध्यम से बच्चों को मनोरंजन, फिटनेस, अनुशासन एवं सामूहिक सहभागिता का प्रशिक्षण दिया जाता है। साथ ही अभिभावकों के लिए भी यह कैंप आनंद एवं प्रेरणा का माध्यम बनता जा रहा है। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने हेतु लगभग 60 प्रशिक्षित एवं अनुभवी प्रशिक्षक निरंतर बच्चों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। इनके निर्देशन में बच्चों को विभिन्न खेल, फिटनेस गतिविधियों एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
अपनी उत्कृष्ट व्यवस्था, मनोरंजक गतिविधियों एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास के कारण यह समर कैंप एग्रीको क्षेत्र में बच्चों एवं अभिभावकों की पहली पसंद तथा आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन चुका है। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को हेल्थ ड्रिंक एवं पौष्टिक नाश्ता वितरित किया गया।

No comments:
Post a Comment