Guwa (Sandeep Gupta) स्वास्थ्य विभाग एवं टाटा स्टील फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित प्रोजेक्ट जागृति के तहत मुर्गापाड़ा पंचायत में मलेरिया रोधी जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया श्रीमती पार्वती किडो ने की। इस अवसर पर पंचायत के कुल 87 पुरुष, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों के प्रति जागरूक करना, मच्छरों के प्रजनन को रोकने के उपायों की जानकारी देना, स्वच्छता के महत्व को समझाना तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को मलेरिया के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
साथ ही घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा नहीं होने देने, नियमित साफ-सफाई रखने तथा मच्छरदानी के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। मुखिया श्रीमती पार्वती किडो ने अपने संबोधन में कहा कि मलेरिया से बचाव के लिए स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास जलजमाव नहीं होने देने तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही मलेरिया जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी सुश्री सरिता बारजो, उपमुखिया श्रीमती सुमन मुंडा, एएनएम अनिमा मिंज, एलिजाबेथ मांझी, सहिया सुमित्रा मांझी, निशा सैंडिल, सरिता मुंडा, गीता लागूरी, अनिल लिमाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
वहीं टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से आशीष कुमार महतो, समीर गोप एवं प्रवीण कुमार ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने अपने गांव एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रहेंगे, ताकि मलेरिया मुक्त समाज के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।


No comments:
Post a Comment