Guwa (Sandeep Gupta) पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू में वन विभाग कार्यालय से लेकर बाकल हाटिंग क्षेत्र तक गुजरने वाली 11 केवी विद्युत लाइन से अज्ञात चोर करीब 100 मीटर कॉपर तार काटकर फरार हो गए। घटना के बाद संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए बिजली के खंभों पर चढ़कर करीब 100 मीटर कॉपर तार काट लिया। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग और वन विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त लाइन और बिजली पोलों का निरीक्षण किया। कॉपर तार चोरी होने से संबंधित 11 केवी लाइन से जुड़े कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। चोरी के दौरान कई बिजली पोल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
बिजली विभाग की टीम युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी है और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर मामूली आर्थिक लाभ के लिए चोर अपनी जान को जोखिम में डालकर इतनी खतरनाक 11 केवी लाइन पर कैसे चढ़ जाते हैं? विशेषज्ञों के अनुसार 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आने पर बचने की संभावना बेहद कम होती है। ऐसे में इस तरह की चोरी न केवल कानूनन गंभीर अपराध है, बल्कि यह पूरी तरह आत्मघाती कदम भी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, बिजली लाइनों की सुरक्षा मजबूत करने तथा कॉपर तार चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बिजली विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि यदि किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित विभाग या पुलिस को सूचित करें।

No comments:
Post a Comment