Guwa (Sandeep Gupta) गुवा, किरीबुरू, मेघाहातुबुरु, बड़ाजामदा और सारंडा क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। सबसे अधिक परेशानी बड़ाजामदा के लोगों को झेलनी पड़ रही है। तेज बारिश शुरू होते ही पहाड़ियों से उतरने वाला पानी देखते ही देखते शहर के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर देता है। कई घरों में चार से पांच फीट तक पानी भर जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। पानी के साथ घरों में रखा सामान, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और रोजमर्रा की जरूरी वस्तुएं बर्बाद हो जाती हैं। कई परिवारों के सामने घर में रहने और सोने तक की जगह नहीं बचती। लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए पक्के मकान भी बरसात में लोगों के लिए चिंता का कारण बन जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष यही स्थिति दोहराई जाती है, लेकिन पहाड़ी पानी की निकासी के लिए अब तक स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। इधर, लगातार बारिश से किरीबुरू के लोकेश्वर नाथ मंदिर तालाब और लेक गार्डन तालाब भी लबालब भर गए हैं। जलस्तर बढ़ने से जाकिर हुसैन पार्क परिसर में भी पानी प्रवेश कर गया है। सीजीएम आवास और मंदिर के बीच स्थित पुलिया पर दोनों तालाबों के पानी का दबाव बढ़ गया है। इससे स्थानीय लोगों को पुलिया की सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी है।
हालांकि आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हैं, फिर भी लोगों का कहना है कि प्रशासन को समय रहते पुलिया की स्थिति की जांच और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करनी चाहिए। लगातार बारिश ने एक बार फिर पूरे क्षेत्र की कमजोर जलनिकासी व्यवस्था को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अस्थायी राहत के बजाय पहाड़ी पानी की स्थायी निकासी के लिए ठोस योजना तैयार कर उसे धरातल पर लागू किया जाए, ताकि हर वर्ष लोगों को बाढ़ जैसे हालात और आर्थिक नुकसान का सामना न करना पड़े।



No comments:
Post a Comment