Guwa (Sandeep Gupta) सावन माह की अंतिम सोमवारी पर गुवा के तीनों प्रमुख शिवालयों में सोमवार तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गुवा बाजार स्थित कुसुम घाट के समीप शिवालय, गुवा रेलवे कॉलोनी स्थित शिवालय तथा योग नगर स्थित शिवालय में सुबह करीब 4 बजे से ही श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए कतारबद्ध होकर पहुंचने लगे।श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प सहित अन्य पूजन सामग्री से विधि-विधानपूर्वक भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसरों में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए गुवा प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। तीनों शिवालयों में पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूजा-अर्चना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। वहीं, योग नगर स्थित शिवालय में मंदिर कमेटी की ओर से दोपहर 12 बजे से श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी भोग का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन शिवालयों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं की आवाजाही से गुवा का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।


No comments:
Post a Comment