Guwa (Sandeep Gupta) सारंडा के छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुईआ गांव में रक्षाबंधन की रात अंधविश्वास के चलते एक महिला की गला दबाकर हत्या करने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना 28 अगस्त की रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। दुईआ गांव निवासी मंजू गोप (35), पति बुधराम चेरवा, गांव के ही एक व्यक्ति के घर से काम कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में खड़े गांव के ही राम गोप उर्फ ऊंतू गोप ने उस पर हमला कर दिया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसे जमीन पर पटक दिया और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।
महिला ने काफी संघर्ष किया और किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद मंजू गोप भागकर गंगदा पंचायत के मुखिया राजू सांडिल के घर पहुंची और उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। गला दबाने के कारण महिला के गले पर गहरे निशान पड़ गए हैं। घटना के बाद वह काफी भयभीत है। मंजू गोप ने आरोप लगाया कि राम गोप उसे डायन समझता है और इसी अंधविश्वास के चलते उसकी हत्या करने का प्रयास किया गया। पीड़िता ने बताया कि वह 29 अगस्त को छोटानागरा थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएगी। पुलिस को शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment