Guwa (Sandeep Gupta) विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को गुवा में हो आदिवासी महासभा की ओर से रैली एवं जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों, विशेषकर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे महिला-पुरुष ढोल-नगाड़ों के साथ रैली में शामिल हुए। रैली का शुभारंभ गुवा रामनगर से हुआ। रैली गुवा बाजार पहुंची, जहां गुवा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद बिरसा मुंडा चौक पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। रैली के बाद गुवा सेल क्लब में जनसभा आयोजित की गई। जनसभा में आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, बेरोजगारी, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, शुद्ध पेयजल की आपूर्ति तथा बच्चों की शिक्षा को लेकर चिंता जताई।
वक्ताओं ने समाज के सर्वांगीण विकास के लिए एकजुट होकर प्रयास करने और आने वाली पीढ़ी को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के दौरान लोगों के बीच पौधों का वितरण किया गया तथा कार्यक्रम के समापन पर गुवासाई स्थित सरना स्थल परिसर में सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति को बचाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में सुशील पूर्ति, मुंडा मंगल पूर्ति, पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी, पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागुरी, सरिता सिद्धू, साधु चरण सिद्धू, लांगो पूर्ति, चंद्रमोहन पूर्ति सहित बड़ी संख्या में हो आदिवासी समाज के लोग मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment