Guwa (Sandeep Gupta) जिला परिषद अध्यक्ष सह झारखंड मुक्ति मोर्चा की नेता लक्ष्मी सुरेन शुक्रवार को झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने सेल के ठेका मजदूरों के साथ बैठक कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया। लक्ष्मी सुरेन ने कहा कि झारखंड की जनता अपने जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए हमेशा मजबूती से खड़ी रही है। केंद्र सरकार द्वारा लाए जा रहे कथित काले कानून के माध्यम से झारखंड के अधिकारों और हितों पर प्रहार करने की कोशिश की जा रही है, जिसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में सभी को एकजुट होकर आंदोलन करना होगा। उन्होंने बताया कि 7 सितंबर को नोवामुंड़ी बस्ती से जन जागरण अभियान रैली निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से पैदल मार्च करते हुए प्रखंड कार्यालय का घेराव किया जाएगा और केंद्र सरकार के नाम मेमोरेंडम सौंपा जाएगा।
लक्ष्मी सुरेन ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों से राज्य में संचालित वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, मुख्यमंत्री रोजगार योजना, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, कृषि ऋण माफी, मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार, 200 यूनिट मुफ्त बिजली, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, सोना सोबरन धोती-साड़ी, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि, सर्वजन पेंशन, पुरानी पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं पर असर पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं को बंद करने की किसी भी कोशिश का विरोध किया जाएगा। उन्होंने नारा दिया, धरती हमारी, खनिज हमारा, झारखंड की संपदा पर दिल्ली का अधिकार नहीं चलेगा। साथ ही महिलाओं और मजदूरों से 7 सितंबर की रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। मौके पर झामुमो कार्यकर्ता रिमू बहादुर, गोवर्धन चौरसिया, झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, महामंत्री अंतरयामी महाकुड़, पदमा केसरी, रोहित पांडे समेत बड़ी संख्या में ठेका मजदूर उपस्थित थे।


No comments:
Post a Comment