- बड़ाजामदा में छात्रा से कथित छेड़खानी, हमले पर भाजपा ने जताया आक्रोश
Guwa (Sandeep Gupta) बड़ाजामदा में आदिवासी छात्रा से कथित छेड़खानी और स्थानीय युवाओं पर धारदार हथियार से हमले के मामले को लेकर भाजपा ने पुलिस-प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई रविवार को बड़ाजामदा पहुंचे। उन्होंने आदर्श मध्य विद्यालय परिसर में भाजपा नेताओं और स्थानीय महिला समिति के सदस्यों के साथ बैठक की।
गागराई ने कहा कि अमन लॉज में किराये पर रह रहे कुछ युवकों पर आदिवासी छात्रा के साथ कथित छेड़खानी और अमानवीय व्यवहार का आरोप है। स्थानीय युवाओं और महिलाओं ने इसका विरोध किया। आरोप है कि इससे नाराज युवकों ने धारदार हथियार से स्थानीय युवाओं पर हमला कर दिया, जिसमें कई युवक गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों का इलाज टीएमएच नोवामुंडी अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
भाजपा की मांग है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़ित छात्रा और घायलों को न्याय दिलाया जाए। गागराई ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो भाजपा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन की स्थिति के लिए पुलिस-प्रशासन जिम्मेदार होगा। बैठक में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष शंभू हजरा, अजीत सिंह, प्रफुल्ल महाकुड़, संजीव राय, राजा तिर्की,अशोक पान समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।



No comments:
Post a Comment