Guwa (Sandeep Gupta) 8 सितंबर को गुवा शहीद दिवस के अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ कई मंत्री गुवा पहुंचेंगे।कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सोमवार को चाईबासा के उपायुक्त मनीष कुमार ने विभिन्न पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उपायुक्त ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और सभी पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दोपहर करीब एक बजे हेलीकॉप्टर से गुवा पहुंचेंगे। इसके बाद वे सीधे श्रद्धांजलि सभा स्थल पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इसके बाद सेल के जनरल ऑफिस के समक्ष बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के वाहनों के प्रवेश को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से शहीद स्थल से करीब पांच किलोमीटर पहले वाहनों को रोकने की व्यवस्था रहेगी। वहां से जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई बसों के माध्यम से कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों को श्रद्धांजलि सभा स्थल के निकट पहुंचाया जाएगा। इसके बाद उन्हें निर्धारित स्थान से पैदल सभा स्थल तक जाने की व्यवस्था रहेगी।जिला प्रशासन और पुलिस ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।



No comments:
Post a Comment