Guwa (Sandeep Gupta) बड़ाजामदा में आदिवासी छात्रा से कथित छेड़खानी और स्थानीय युवाओं पर धारदार हथियार से हमले के मामले को भाजपा ने गंभीरता से लिया है।भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई बड़ाजामदा पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बताया गया कि विगत दिनों अमन लॉज में किराये पर रह रहे कुछ युवकों पर एक आदिवासी छात्रा के साथ कथित तौर पर छेड़खानी और अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगा। स्थानीय युवाओं ने इसका विरोध किया। आरोप है कि विरोध से नाराज युवकों ने सुनियोजित तरीके से धारदार हथियारों से स्थानीय युवाओं पर हमला कर दिया, जिसमें कई युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज टीएमएच नोवामुंडी अस्पताल में चल रहा है।
बड़कुंवर गागराई ने बड़ाजामदा पहुंचने के बाद नोवामुंडी अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि भाजपा पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मामले में आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी करने तथा पीड़ित छात्रा और घायलों को न्याय दिलाने की मांग की। श्री गागराई ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो भाजपा जोरदार आंदोलन करेगी। इसकी पूरी जवाबदेही पुलिस प्रशासन की होगी।मौके पर भाजपा सारंडा मंडल अध्यक्ष महेंद्र महाकुड़,भाजपा नेता अजीत सिंह, राय भूमिज, राजा तिर्की, संजीव राय, अशोक पान समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।


No comments:
Post a Comment