Guwa (Sandeep Gupta) किरीबुरू में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। मंगलवार को श्री लोकेश्वर नाथ धाम मंदिर तालाब और लेक गार्डन तालाब के बीच से गुजरने वाली सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई। सड़क के डूबने से दोनों तालाबों का पानी एक-दूसरे में प्रवेश करता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान किरीबुरू में ऐसा नजारा पहले कभी देखने को नहीं मिला। लगातार बारिश से दोनों तालाबों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। इनके बीच बनी सड़क के जलमग्न होने से तालाबों के बीच का अंतर समाप्त हो गया। दूर से देखने पर ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो दोनों जलाशय आपस में जुड़ गए हों। इधर, जाकिर हुसैन पार्क भी पूरी तरह जलमग्न हो गया है।
पार्क में पानी भरने के कारण प्रत्येक मंगलवार को लगने वाला मंगलाहाट बाजार इस बार सड़क किनारे लगाना पड़ा। सड़क किनारे बाजार लगने से मार्ग पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। बारिश के बीच वाहनों की आवाजाही और खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों की भीड़ के कारण यातायात प्रभावित रहा। भारी बारिश के साथ घने कोहरे ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कई दिनों से शहरवासियों को धूप के दर्शन नहीं हुए हैं। दिनभर आसमान में बादल और कोहरे की चादर छाए रहने से सामान्य जनजीवन प्रभावित है। लगातार बारिश, जलजमाव और कोहरे के कारण शहर के कई हिस्सों में आवागमन और रोजमर्रा की गतिविधियां बाधित हो रही हैं। किरीबुरूवासियों को अब बेसब्री से मौसम साफ होने और धूप निकलने का इंतजार है।

No comments:
Post a Comment