Guwa (Sandeep Gupta) किरीबुरू शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच थाना पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने अब्दुल रेफ्रिजरेटर दुकान के बाहर से पुराना एसी चोरी कर जंगल में उसे तोड़कर तांबे के तार एवं अन्य कीमती सामान निकाल रहे एक नाबालिग आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया है। वहीं, घटना में शामिल तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।बताया जाता है कि चोर दुकान के बाहर रखा पुराना एसी उठाकर पास के जंगल में ले गए थे। वहां मशीन को तोड़कर उसके अंदर से तांबे के तार समेत अन्य सामग्री निकाली जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा चोरी की अन्य घटनाओं से जुड़े कुछ लोगों के नाम बताए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस नामों और प्राप्त सूचनाओं का सत्यापन कर रही है।
किरीबुरू एसडीपीओ विनीत किंडो ने थाना प्रभारी रोहित कुमार के सहयोग से शहर के पुराने हिस्ट्रीशीटरों को थाने बुलाकर सख्त हिदायत दी। पुलिस ने अपराध से दूरी बनाने और अपने-अपने क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।पुलिस के अनुसार, मेन मार्केट हाटिंग, प्रोस्पेक्टिंग, चर्च हाटिंग और मुर्गापाड़ा समेत विभिन्न इलाकों में निगरानी बढ़ाई जा रही है। इन क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं में नाबालिगों की संलिप्तता की सूचनाओं को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस नाबालिगों के अपराध में शामिल होने की परिस्थितियों और उन्हें संरक्षण देने वालों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही, अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और अपराध में संलिप्तता की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें, ताकि उन्हें अपराध की राह से हटाकर सुधार की दिशा में कदम उठाया जा सके।

No comments:
Post a Comment