Guwa (Sandeep Gupta) बड़ाजामदा के चर्चित स्क्रैप कारोबारी दिवाकर उर्फ दीपू सिंह के लॉज-सह-दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। बताया जाता है कि उक्त प्रतिष्ठान को पूर्व में हुई एक बड़ी आपराधिक घटना और उससे उपजे जनाक्रोश के बाद प्रशासन द्वारा सील किया गया था। चोरों ने इसी प्रशासनिक सील को तोड़कर प्रतिष्ठान के अंदर प्रवेश किया और चोरी कर फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले मुख्य दरवाजे पर लगी प्रशासनिक सील और ताला तोड़ा। इसके बाद दुकान एवं लॉज के अंदर प्रवेश कर सामानों को खंगाला।
सूत्रों के अनुसार, दुकान के अंदर खड़ी एक मोटरसाइकिल भी चोर अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल है। प्रशासनिक सील लगे प्रतिष्ठान में चोरी की घटना सामने आने के बाद लोगों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब प्रतिष्ठान प्रशासन द्वारा सील किया गया था, तो उसकी निगरानी किस प्रकार की जा रही थी। वहीं कुछ लोग इसे सामान्य चोरी की घटना मान रहे हैं, जबकि कुछ लोगों ने इसके पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में कुछ संदिग्धों की तस्वीरें कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
No comments:
Post a Comment