Jamshedpur (Nagendra) द रंग आर्ट, कल्चर एवं सोशल वेलफेयर ट्रस्ट, गिरिडीह द्वारा आयोजित “द रंग राजन मेमोरियल महोत्सव–2026” के अंतर्गत आयोजित बहुभाषी नृत्य एवं नाट्य प्रतियोगिता में लौहनगरी जमशेदपुर की नाट्य संस्था गीता थिएटर ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में गीता थिएटर के युवा कलाकारों ने अपनी अभिनय एवं नृत्य प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। नाट्य प्रतियोगिता में गीता थिएटर की ओर से “कसक” नाटक प्रस्तुत किया गया, जबकि नृत्य प्रतियोगिता में कलाकारों ने झारखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं परंपरा को दर्शाते हुए झारखण्ड का लोकनृत्य प्रस्तुत किया। नाटक “कसक” के माध्यम से सामाजिक एवं पारिवारिक संवेदनाओं से जुड़े विषयों को मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
युवा कलाकारों के अभिनय, संवाद अदायगी और मंचीय प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, लोकनृत्य की प्रस्तुति के माध्यम से कलाकारों ने झारखण्ड की सांस्कृतिक विरासत, लोकपरंपरा और मिट्टी से जुड़ी कला को मंच पर जीवंत किया। गीता थिएटर के प्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे कला एवं सांस्कृतिक महोत्सव युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों की लोककला एवं रंगमंच से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। संस्था का उद्देश्य युवाओं को रंगमंच, नृत्य, संगीत एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर कला के माध्यम से सकारात्मक और जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देना है। गीता थिएटर की टीम ने आयोजन समिति, निर्णायक मंडल एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी संस्था इसी प्रकार कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य करती रहेगी।
No comments:
Post a Comment