Upgrade Jharkhand News. शिक्षक दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट की ओर से विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के 24 शिक्षकों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रोटरी क्लब जमशेदपुर वेस्ट की अध्यक्ष गुरप्रीत भाटिया ने कहा कि रोटरी क्लब वर्षों से विभिन्न विद्यालयों में बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और समग्र विकास से जुड़े अनेक जागरूकता एवं सेवा कार्यक्रम संचालित करता रहा है। इनमें बच्चों की आंखों और दांतों की जांच, किताब-कॉपी की व्यवस्था, विद्यालयों में शौचालय एवं पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराना, स्वच्छता तथा ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता सहित कई महत्वपूर्ण पहल शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि रोटरी और शिक्षक मिलकर बच्चों के भविष्य का निर्माण करते हैं। इसलिए शिक्षकों का सम्मान करना रोटरी का दायित्व भी है और गौरव भी। रोटरी के पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रतिम बनर्जी ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा, “आप राष्ट्र के निर्माता हैं। विभिन्न चुनौतियों को स्वीकार करते हुए आप देश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।” उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब समाजसेवा के क्षेत्र में भारत सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप भी कार्य करता है। सरकारी विद्यालयों में शौचालय और पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की पहल के साथ रोटरी ने भी इसे अपने महत्वपूर्ण सेवा प्रोजेक्ट के रूप में अपनाया।
उन्होंने यह भी बताया कि एनसीईआरटी की शैक्षिक सामग्री को विभिन्न भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराने और अनुवाद के कार्य में भी रोटरी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जूही समर्पिता, डायरेक्टर—न्यू जेनरेशन ने किया। शिक्षकों को संबोधित। करते हुए उन्होंने कहा, “शिक्षक की असली पूंजी उनके छात्र होते हैं और शिक्षक की सबसे बड़ी उपलब्धि अपने छात्रों को जीवन में आगे बढ़ते देखना है।” उन्होंने कहा कि एक शिक्षक केवल ज्ञान नहीं देता, बल्कि अपने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, मूल्यों और भविष्य को आकार देता है।
सम्मानित होने वाले शिक्षकों में विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल की शाजिया नसीम, केपीएस की सुमिता चैटर्जी, के.पी.एस की डी. सरस्वती राव, डी.सी.ए की पूर्णिमा बाक्ची सहित विभिन्न सरकारी विद्यालयों के शिक्षक गोपेश कुमार ठाकुर, कंचन कुमारी, नवनीत सिंह, सुधांशु मंडल, मधुरिमा कुमारी आदि प्रमुख रूप से शामिल थे। रोटरी क्लब जमशेदपुर वेस्ट द्वारा मुर्गागुट्टू, चिमटी गांव, दिव्यज्योति नेत्रहीन संस्थान तथा दीक्षा स्कूल, सोनारी सहित विभिन्न संस्थानों को भी निरंतर सहयोग प्रदान किया जाता है। इन संस्थानों से जुड़े शिक्षकों को भी इस अवसर पर गोपाल हरलाल का और डॉ॰ के एम गांधी द्वारा प्रमाण पत्र दिया गया.
इसके अतिरिक्त रोटरी क्लब जमशेदपुर वेस्ट के वे शिक्षक सदस्य, जो शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उन्हें भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इनमें डॉ. रीता झा, डॉ. अंजनी सहाय, डॉ. मोनिका उप्पल, डॉ. के.एम. गांधी, सीमा तिवारी एवं सुचंदा बनर्जी , श्वेता चाँद,आदि शामिल थे। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने रोटरी क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान उन्हें अपने दायित्वों के प्रति और अधिक प्रेरित एवं प्रोत्साहित करता है।



No comments:
Post a Comment