Jamshedpur (Nagendra) सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला के लिए यह अत्यंत गौरव एवं हर्ष का विषय है कि विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान एवं इतिहास विभाग के दो मेधावी छात्रों ने UGC-NET परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। राजनीति विज्ञान विभाग के छात्र आदित्य कुमार ने विभागाध्यक्ष डॉ. शिवचन्द्र झा के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में UGC-NET परीक्षा में 300 में 200 अंक प्राप्त किए तथा 97.5 Percentile Score हासिल किया। उन्होंने Assistant Professor एवं Ph.D. में प्रवेश के लिए अर्हता प्राप्त की है।
इसी प्रकार इतिहास विभाग के छात्र अमन शरण ने विभागाध्यक्ष डॉ. कंचन सिन्हा के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में UGC-NET परीक्षा में 300 में 186 अंक प्राप्त करते हुए शानदार 99.7 Percentile Score हासिल किया। उन्होंने भी Assistant Professor एवं Ph.D. में प्रवेश के लिए अर्हता प्राप्त की है। राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. शिवचन्द्र झा ने दोनों सफल छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि UGC-NET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता के लिए विद्यार्थियों को सबसे पहले UG एवं PG के पाठ्यक्रम का गहन एवं व्यवस्थित अध्ययन करना चाहिए। इसके साथ ही UGC-NET की सभी इकाइयों की मूल अवधारणाओं को समझते हुए नियमित अभ्यास करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शॉर्टकट की बजाय विषय की थ्योरी एवं मूल अवधारणाओं पर विशेष ध्यान देना चाहिए। निरंतर अध्ययन, अनुशासन और सही दिशा में तैयारी सफलता का आधार है। डॉ. झा ने कहा, “यदि कोई विद्यार्थी अपने लक्ष्य को केंद्र में रखकर निरंतरता, समर्पण और पूरी मेहनत के साथ आगे बढ़ता है, तो सफलता उससे दूर नहीं रह सकती। सफलता किसी शॉर्टकट से नहीं, बल्कि निरंतर परिश्रम, सही रणनीति और आत्मविश्वास से प्राप्त होती है।”उन्होंने दोनों छात्रों को आगे शोध के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि Ph.D. में प्रवेश के बाद विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि नवाचार, मौलिक शोध, नए ज्ञान के सृजन तथा समाज और इतिहास से जुड़े अनछुए तथ्यों एवं छिपे हुए साक्ष्यों को सामने लाने की दिशा में कार्य करना चाहिए।
इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. कंचन सिन्हा ने दोनों छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि UGC-NET में सफलता प्राप्त करना विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल दोनों छात्रों के लिए बल्कि पूरे सोना देवी विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पर विश्वास रखते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करनी चाहिए और उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ना चाहिए।


No comments:
Post a Comment