Guwa (Sandeep Gupta) गुवा स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में बुधवार सुबह एक वन्यजीव कोटरा के अचानक पहुंचने से लोगों में कौतूहल मच गया। निर्माणाधीन शिव मंदिर के आसपास कोटरा को घूमते देख मंदिर के पुजारी जितेंद्र पांडा ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही गुवा वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही कोटरा छलांग लगाकर मंदिर के सामने स्थित एक नाले में फंस गया था। इसके बाद वन विभाग की टीम ने सावधानी और सूझबूझ के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद कोटरा को नाले से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम कोटरा को सुरक्षित जंगल में ले गई और उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।
इस दौरान वन्यजीव को देखने के लिए मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कई लोगों ने मंदिर परिसर में कोटरा के पहुंचने को अद्भुत घटना और चमत्कार से जोड़कर देखा। वहीं, लोगों का कहना था कि यदि कोटरा किसी व्यक्ति के हाथ लग जाता अथवा आवारा कुत्तों के बीच पहुंच जाता तो उसकी जान को खतरा हो सकता था। वन विभाग की तत्परता से कोटरा को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़े जाने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।


No comments:
Post a Comment