- दुकानों के सामने जलजमाव से राहगीरों को भी हो रही परेशानी, स्थायी निकासी व्यवस्था की मांग
Guwa (Sandeep Gupta) गुवा बाजार में नाली का गंदा पानी बहने से दुकानदारों और बाजार आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, धीपा साई की ओर से आने वाली नाली का पानी बाजार में विभिन्न दुकानों के सामने से होकर बह रहा है। नाली का गंदा पानी गुवा बाजार स्थित जूता-चप्पल की दुकानों के सामने से गुजरते हुए इलेक्ट्रिक दुकान, राशन दुकान और इसके बाद मुर्गा दुकान तक पहुंच रहा है। बाजार में गंदा पानी जमा रहने और लगातार बहते रहने के कारण दुकानदारों को अपनी दुकानों के आसपास साफ-सफाई रखने में परेशानी हो रही है।
वहीं, खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भी गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि नाली की नियमित सफाई नहीं होने और पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण यह समस्या लगातार बनी हुई है। गंदे पानी के कारण दुर्गंध फैलने के साथ आसपास गंदगी बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है। स्थानीय दुकानदारों ने संबंधित विभाग और अधिकारियों से समस्या का जल्द संज्ञान लेकर नाली की सफाई कराने तथा पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। दुकानदारों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में जलजमाव और गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान होने से दुकानदारों के साथ आम लोगों को भी राहत मिलेगी।

No comments:
Post a Comment