Upgrade Jharkhand News. राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय गम्हरिया में बाल संसद के प्रभारी आशीष कुमार रवि, अश्वनी कुमार और पुष्कर सुमन के नेतृत्व में बाल संसद का चुनाव संपन्न हुआ। गणतंत्रीय प्रक्रिया के अनुरूप पारदर्शिता के साथ मतपत्रों के माध्यम से संपन्न हुए इस चुनाव में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें अध्यक्ष पद के लिए 10 प्रत्याशियों ने नामांकन किया जबकि प्रधानमंत्री के पद के लिए कुल 12 प्रत्याशियों ने भाग लिया था। इन प्रत्याशियों द्वारा अपने पक्ष में मतदान के लिए विगत 15 दिनों से छात्र-छात्राओं के बीच विद्यालय की उन्नति और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए अपने-अपने वादे प्रस्तुत किए।
चुनाव प्रक्रिया में पर्यवेक्षक के रूप में विद्यालय के शिक्षक अनिल कुमार, उत्तम बाग, रमेश हांसदा एवं शिक्षिका कुमारी एनिमा मौजूद रहे। मतपत्र गणना के उपरांत अध्यक्ष पद पर ऋषभ कुमार पांडेय और प्रधानमंत्री पद पर स्वीटी बनर्जी विजयी घोषित की गई। इस मौके पर उपस्थित प्रभारी प्रधानाध्यापक मिठाई लाल यादव ने विद्यालय परिवार की तरफ से इन दोनों विजेता बच्चों को बधाई देते हुए उनसे विद्यालय हित में कार्य करने की उम्मीद जताई।

No comments:
Post a Comment