Mumbai (Anshu Jha) बारिश का मौसम आते ही ज़िंदगी की रफ़्तार थम-सी जाती है। सड़कें पानी से लबालब भर जाती हैं, जगह-जगह जाम लग जाता है और लोग घरों में कैद हो जाते हैं। ऐसे में सबसे कठिन जिम्मेदारी उन डिलीवरी वाले पर आती है, जो भीगते हुए भी हर ऑर्डर को समय पर पहुँचाने की कोशिश करते हैं। दरअसल, बारिश के दिनों में ऑर्डर की संख्या अचानक बढ़ जाती है। लोग बाहर निकलना नहीं चाहते, ऐसे में मोबाइल ऐप पर क्लिक करके खाना मँगाना ही आसान विकल्प बन जाता है। लेकिन इस सुविधा के पीछे छुपी मेहनत पर शायद ही कभी किसी की नज़र जाती हो।
फिसलन भरी सड़कें, पानी से भरी गलियाँ, ट्रैफ़िक जाम और तेज़ बारिश के बीच बाइक चलाना आसान नहीं होता। कई बार उनका बैग, यूनिफ़ॉर्म और मोबाइल तक भीग जाते हैं, फिर भी वे मुस्कुराते हुए दरवाज़े तक खाना पहुँचाते हैं। मौसम विभाग का रेड अलर्ट भी उनके कदम रोक नहीं पाता, जबकि यह चेतावनी सबके लिए होती है। क्योंकि उनके लिए यह सिर्फ़ डिलीवरी नहीं, बल्कि रोज़ी-रोटी का सवाल है। विशेषज्ञ मानते हैं कि ऐसी परिस्थितियों में कंपनियों को अपने डिलीवरी एजेंट्स को अतिरिक्त सुरक्षा और सुविधा देनी चाहिए—जैसे समय सीमा में बढ़ोतरी, बारिश से बचाव के साधन और अतिरिक्त प्रोत्साहन।
असलियत यही है कि बारिश सिर्फ़ रोमांस और मज़े का मौसम नहीं है, बल्कि यह हमें यह सोचने का मौका भी देता है कि जिनकी मेहनत से हमारा आराम बना रहता है, उनकी ज़िंदगी कितनी मुश्किलों में घिरा है। इसलिए अगली बार जब बारिश में कोई डिलीवरी वाले भीगे कपड़ों और थके चेहरे के साथ आपके दरवाज़े पर खाना लेकर पहुँचे, तो एक सच्चा “धन्यवाद” और एक मुस्कान उसकी पूरी थकान मिटा सकती है।

No comments:
Post a Comment