Upgrade Jharkhand News. सरायकेला थाना क्षेत्र के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत चमारू पंचायत के गुढ़ा निवासी विजय महतो (35) नामक युवक की गुरुवार को तालाब में डूबने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरूवार की दोपहर उसका बतख तालाब में पानी के अंदर चला गया था, जिसे बाहर निकालने के लिए वह भी बीच तालाब में चला गया। तालाब में अधिक गहराई होने के कारण वह बीच में ही थककर बेसुध हो गया जिससे वह पानी में डूब गया।
घटना की सूचना पाकर स्थानीय समाजसेवी चौधरी महतो व अन्य ग्रामीण तालाब पहुंचे और उसकी खोजबीन शुरू की। करीब चार घंटे के कड़ी मशक्कत के बाद उसके शव को पानी से निकाला जा सका। उसके बाद मौके पर पहुंची सरायकेला पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया है कि पांच वर्ष पूर्व ही मृतक की शादी हुई थी।उसका एक चार वर्ष का पुत्र भी है।

No comments:
Post a Comment