Upgrade Jharkhand News. दुर्गापूजा का पर्व करीब आते ही आदित्यपुर-गम्हरिया क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने ज़िला उपायुक्त नितिश कुमार सिंह से मिकलर प्रशासन, नगर निगम व विभिन्न विभागों से संबंधित 11 सूत्री मांग रखी है, ताकि आगामी दुर्गापूजा सफल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। समिति के अध्यक्ष पुरेद्र नारायण सिंह ने बताया कि अब पूजा प्रारंभ होने में महज 15 दिन शेष रह गए हैं और कई बड़े पूजा पंडालों का कार्य ज़ोरो पर है। उन्होंने सुरक्षा व व्यवस्था से संबंधित मांगो को प्रमुखता से उठाया हैं। कहा कि थाना से लेकर जिला स्तर तक शांति समिति की बैठक एक माह पूर्व आयोजित होनी चाहिए थी, ताकि बैठक से निकले निर्णयों को पूजा से पहले ही सभी संबंधित विभागों को कार्यान्वित करने का अवसर मिले।
आदित्यपुर नगर निगम से मांग की गई है कि पूजा शुरू होने से पहले व्यापक सफाई अभियान चलाया जाए, पंडालों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मती की जाए और पूजा के दौरान प्रतिदिन सफाई कार्य सुनिश्चित किया जाए। समिति ने जेआरडीसीएल और जियाडा प्रशासन से कहा कि टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग की सभी बंद स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट को तत्काल दुरुस्त किया जाए। साथ ही, पूर्व की तरह दुर्गापूजा के दौरान जनरेटर से कनेक्शन दिया जाए ताकि बिजली बाधित न हो।
पुरेद्र ने बताया कि क्षेत्र में कई बड़े पंडाल बनते हैं, जहां लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में प्रत्येक पंडाल में प्रवेश और निकास द्वार अलग- अलग बनाए जाएं, ताकि भीड़ प्रबंधन बेहतर हो और सड़कों पर जाम न लगे। समिति की ओर से जिला प्रशासन से आग्रह किया कि खरकई पुल के पास एमपी टावर के समीप वॉच टावर बनाया जाए और उसके पास मेडिकल टीम व एंबुलेंस की स्थायी तैनाती की जाए।आदित्यपुर और गम्हरिया स्वास्थ्य केंद्रों में 24x7 चिकित्सक दल मौजूद रहें। विसर्जन घाट तक पहुंच मार्ग की मरम्मती, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और हाइड्रा की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा, पंडालों के आसपास पार्किंग स्थल और अस्थायी दुकानों के लिए अलग स्थान चिह्नित करने की मांग की गई है। समिति ने अबाधित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और भीड़भाड़ वाले पूजा पंडालो में दमकल की तैनाती करने पर भी बल दिया है।
साथ ही, समिति ने आदित्यपुर, गम्हरिया और आरआईटी थाना से आग्रह किया है कि पूजा के दौरान रात में पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए, ताकि लोग निश्चिंत होकर पूजा का आनंद उठा सकें और चोरी की घटनाओं पर रोक लगे। पुरेन्द्र ने उपायुक्त से मिलकर जिला प्रशासन से अपील की है कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए इन मांगों पर त्वरित कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल में पुरेंद्र नारायण नारायण सिंह के अलावा देव प्रकाश, मिथिलेश कुमार झा, प्रभास कुमार झा, अवधेश कुमार, राजेश्वर पंडित आदि शामिल थे।

No comments:
Post a Comment