Upgrade Jharkhand News. भारत के राष्ट्रीय खेल हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर रविवार को सरायकेला में एक भव्य शताब्दी समारोह का आयोजन हुआ। यह आयोजन हॉकी सरायकेला के सचिव अमित मोदक की अगुवाई में किया गया, जिसमें जिलेभर से खिलाड़ी, कोच, खेल अधिकारी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में जुटे। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई, इसके बाद मैदान पर उतरी पुरुष और महिला टीमों ने एक शानदार प्रदर्शनी मैच खेलकर दर्शकों का दिल जीत लिया। मैदान पर खिलाड़ियों के कौशल और ऊर्जा ने माहौल को रोमांच से भर दिया। मैच के अंत में विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला हॉकी संघ के उपाध्यक्षों और पदाधिकारियों ने कहा कि सरायकेला की धरती हमेशा से खेल प्रतिभाओं की जननी रही है। यहाँ हॉकी जैसे खेल को बढ़ावा देना, सिर्फ एक आयोजन नहीं बल्कि स्थानीय खेल संस्कृति का उत्सव है।कार्यक्रम में हॉकी के कोषाध्यक्ष अखिलेश्वर प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष सुरेश नारायण चौधरी, कुशो मिंज, संयुक्त सचिव प्रणय रॉय, सदस्य जैक मार्डी, कोच समीर कुमार समल और जिला कुश्ती संघ के सचिव सुनील कुमार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार सचिव अमित मोदक ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा —“हॉकी केवल एक खेल नहीं, बल्कि यह हमारे देश की आत्मा, अनुशासन और गौरव की पहचान है। आने वाली पीढ़ियों को हॉकी की इस विरासत से जोड़ना और इसे उसके स्वर्णिम युग तक पहुँचाना हमारा कर्तव्य है।”समारोह के अंत में सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों ने एकस्वर में संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में वे मिलकर सरायकेला और पूरे झारखंड में हॉकी को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाएँगे।



No comments:
Post a Comment