Upgrade Jharkhand News. चक्रधरपुर/ गैर राजनीतिक सामाजिक संगठन झारखण्ड पुनरुत्थान अभियान की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के पास आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अभियान के जिला अध्यक्ष नारायण सिंह पुरती ने की। इसमें आगामी 22 जनवरी 2026 को चाईबासा में होने वाले वार्षिक सम्मेलन की तैयारियों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
बैठक में उपस्थित अभियान के केंद्रीय अध्यक्ष सन्नी सिंकु ने बताया कि संगठन की स्थापना 22 जनवरी 2023 को जन सरोकार और सामाजिक अधिकारों के लिए संघर्ष की प्रतिबद्धता के साथ की गई थी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में संगठन लगातार जन मुद्दों पर संघर्षरत रहा है, विशेषकर दोषपूर्ण विकास मॉडल और नौकरशाही की लालफीताशाही के खिलाफ।
सिंकु ने कहा कि अभियान, देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा अनुसूचित क्षेत्रों के लिए प्रतिपादित पंचशील सिद्धांत पर आधारित विकास मॉडल का समर्थक है। उन्होंने आगे कहा कि समाज के वंचित वर्गों की आवाज को बुलंद करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना संगठन का मूल लक्ष्य है।
अभियान के जिला उपाध्यक्ष मंगल सरदार ने बुद्धिजीवियों, युवाओं, महिलाओं और बेरोजगारों से संगठन से जुड़कर सामाजिक एवं नागरिक दायित्व निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज सुधार में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है और अभियान हर वर्ग का स्वागत करता है।
बैठक में केंद्रीय महासचिव अमृत मांझी और मनोहरपुर प्रखंड अध्यक्ष विशाल कुमार गुड़िया भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों ने वार्षिक सम्मेलन को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर तैयारी करने पर सहमति व्यक्त की।

No comments:
Post a Comment