Jamshedpur (Nagendra) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रविवार की शाम रांची पहुंचीं। रांची एयरपोर्ट से लोक भवन तक कड़ी सुरक्षा और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए राष्ट्रपति का काफिला लोकभवन पहुंचा।
राज्यपाल और सीएम ने किया स्वागत -राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विशेष विमान से रांची पहुंचीं। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचने पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति को फूल का गुलदस्ता देकर स्वागत किया और उन्हें प्रतीक चिन्ह भी भेंट की। रांची एयरपोर्ट से लेकर लोकभवन तक पहुंचाने के दौरान पूरे रूट लाइन में रांची पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर रखी थी। एयरपोर्ट से राजभवन निकलने से पहले ही रूट लाइन में तैनात सुरक्षाकर्मी अलर्ट मोड में थे। करीब 20 से 22 मिनट के भीतर ही राष्ट्रपति का काफिला कड़ी सुरक्षा के बीच लोकभवन पहुंच गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार की रात लोकभवन में ही विश्राम करेंगी। उसके बाद सोमवार को वह सरायकेला -खरसावां और जमशेदपुर में होने वाले दो कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति 29 दिसंबर को जमशेदपुर जाएंगी और वहां करणडीह स्थित दिशोम जाहेर थान पहुंचकर वहां पूजा करेंगी। उसके बाद संथाली भाषा की लिपि ओलचिकी के शताब्दी समारोह में शामिल होंगी। यहां से राष्ट्रपति एनआईटी जमशेदपुर जाएंगी, जहां वो संस्थाल के 15वें दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी। दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद वो वापस शाम में रांची लौटेंगी और लोकभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। 30 दिसंबर को वो रांची से छत्तीसगढ़ के जशपुर हवाई मार्ग से जाएंगी। उसके बाद वहां से गुमला सड़क मार्ग से जाएंगी और गुमला में अंतर्राज्यीय जनसंस्कृति समागम समारोह कार्तिक जतरा में शिरकत करेंगी। कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद वापस रांची आएंगी, जहां से दिल्ली के लिए राष्ट्रपति रवाना हो जाएंगी।
राष्ट्रपति के झारखंड दौरे को लेकर हाई अलर्ट, 14 IPS और 75 DSP तैनात - राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रविवार की शाम राजधानी रांची में विश्राम करेंगी और सोमवार को जमशेदपुर के दो कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। उनके आगमन को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने रांची और जमशेदपुर को हाई अलर्ट पर रखा है ताकि किसी भी तरह की चूक न हो।
14 IPS और 75 DSP के जिम्मे सुरक्षा की कमान दी गई है -राष्ट्रपति की सुरक्षा में राज्य के 14 IPS अधिकारी और 75 DSP की तैनाती की गई है। इनके अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल, क्यूआरटी और विशेष सुरक्षा दस्ता तैनात रहेगा। राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी के जरिए लगातार निगरानी की जाएगी। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से राजभवन तक पूरे मार्ग पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ मोबाइल सर्विलांस यूनिट भी सक्रिय रहेंगी। सुरक्षा एजेंसियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
28 से 30 दिसंबर तक ट्रैफिक में बदलाव -राष्ट्रपति के कार्यक्रमों को देखते हुए रांची के ट्रैफिक सिस्टम में आंशिक बदलाव किया गया है। 28 दिसंबर को शाम 6 बजे से रात 7 बजे तक एयरपोर्ट से राजभवन तक मार्ग बंद रहेगा। 29 दिसंबर को सुबह 9.30 से 10.30 बजे तक और शाम 4 बजे से 5 बजे तक एयरपोर्ट से हरमू बाइपास होते हुए राजभवन तक यातायात रोका जाएगा। वहीं 30 दिसंबर को सुबह 9 बजे से 10 बजे तक हरमू बाइपास से एयरपोर्ट और राजभवन तक मार्ग बंद रहेगा। प्रशासन ने आम लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को समय से पहले निकलने और दिशा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
एनआईटी के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति शिरकत करेंगी - एनआईटी जमशेदपुर परिसर में राष्ट्रपति करीब 1.05 घंटे का समय बिताएंगी। दीक्षांत समारोह में कुल 1114 विद्यार्थियों को डिग्री दी जाएगी। इनमें 612 छात्र व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर डिग्री लेंगे। डिग्री पाने वालों में 417 स्नातक, 149 स्नातकोत्तर और 46 पीएचडी के छात्र शामिल हैं। राष्ट्रपति दोपहर 2.05 बजे से 3.10 बजे तक कैंपस में रहेंगी।
ओलचिकी लिपि शताब्दी समारोह में होंगी शामिल-एनआईटी के कार्यक्रम से पहले राष्ट्रपति करनडीह जाहेरथान पहुंचेंगी। वह सुबह 10.40 बजे वहां पहुंचेंगी और करीब 1.05 घंटे तक कार्यक्रम में शामिल रहेंगी। मंच पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यपाल संतोष गंगवार और झाड़ग्राम के विधायक पद्मश्री कालीपद सोरेन भी मौजूद रहेंगे। यहां संथाली भाषा की ओलचिकी लिपि के 100 वर्ष पूरे होने पर शताब्दी समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस मौके पर 100 लोगों को सम्मानित किया जाएगा, जिनमें से 12 को राष्ट्रपति स्वयं सम्मान प्रदान करेंगी।
जमशेदपुर में ट्रैफिक पर असर-राष्ट्रपति के जमशेदपुर आगमन को लेकर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। सुरक्षा के मद्देनजर पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिला प्रशासन ने ट्रैफिक प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन की योजना लागू की है। राष्ट्रपति का आगमन सुबह 10.10 बजे सोनारी एयरपोर्ट पर होगा। वहां से वह सीधे करनडीह जाहेरथान जाएंगी। इसके बाद 11.45 बजे काफिला जमशेदपुर परिसदन के लिए रवाना होगा। दोपहर के भोजन के बाद राष्ट्रपति 1.50 बजे बिष्टुपुर होते हुए एनआईटी जमशेदपुर पहुंचेंगी।
प्रशासन पूरी तरह तैयार, सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक पुख्ता इंतजाम , जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त ब्रीफिंग-राष्ट्रपति दौरे की तैयारियों के क्रम में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय की संयुक्त अध्यक्षता में जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रोटोकॉल और समयबद्धता पर विशेष जोर-ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि माननीय राष्ट्रपति का कार्यक्रम सर्वोच्च संवैधानिक पद से जुड़ा हुआ है, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सुरक्षा, प्रोटोकॉल और समयबद्धता में किसी भी स्तर पर चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने कार्यक्रम स्थल, रूट लाइन, एयरपोर्ट/हेलिपैड, आवास स्थल, सभा स्थल, पार्किंग व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता-वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को प्रोटोकॉल के अनुरूप सतर्कता और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत रूट लाइन क्लियरेंस, एंटी-सबोटाज जांच, सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक कंट्रोल, रूट डायवर्जन, पास व्यवस्था और इंटेलिजेंस इनपुट को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम, क्विक रिस्पॉन्स टीम और मेडिकल इमरजेंसी यूनिट को पूरी तरह सक्रिय रखा जाएगा।
आम जनता को होगी न्यूनतम असुविधा-प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि राष्ट्रपति दौरे के दौरान आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो। इसके लिए यातायात प्रबंधन एवं वैकल्पिक मार्गों की जानकारी मीडिया के माध्यम से पहले ही सार्वजनिक की जाएगी।
रूटलाइन और स्थलों का निरीक्षण-ब्रीफिंग से पूर्व जिला के वरीय पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, एयरपोर्ट एवं पूरे रूटलाइन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही रविवार को रिहलसर किया गया।


.jpeg)
No comments:
Post a Comment