Guwa (Sandeep Gupta) झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन ने मजदूरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर गुवा सेल प्रबंधन के साथ अहम बैठक कर विस्तृत वार्ता की। बैठक में यूनियन प्रतिनिधियों ने प्रबंधन के समक्ष श्रमिक हितों से जुड़ा मांग पत्र रखते हुए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। यूनियन की प्रमुख मांगों में शिपिंग डिपार्टमेंट में नाइट अलाउंस लागू करना, सफाई कर्मियों की संख्या में बढ़ोतरी, सुरक्षा कर्मियों को एडब्लूए (A.W.A) सुविधा एवं बेहतर मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराना शामिल है। इसके साथ ही गुवा सेल अस्पताल में आईसीयू का निर्माण, अत्याधुनिक नई मशीनों की स्थापना तथा नया एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। बैठक में श्मशान घाट के सौंदर्यीकरण, स्कूलों में एडॉप्ट टीचरों की नियुक्ति, सिविल डिपार्टमेंट के माध्यम से मजदूरों के आवासों की मरम्मत, तथा मजदूरों के कार्यस्थल तक आने-जाने के लिए नई बस सेवा शुरू करने की मांग पर भी चर्चा हुई।
यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे एवं महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़ ने दो टूक कहा कि यदि इन सभी मांगों पर सेल प्रबंधन शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है, तो यूनियन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर सेल का चक्का जाम भी किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी। वहीं सेल प्रबंधन की ओर से यूनियन को आश्वस्त किया गया कि सभी मांगों पर गंभीरता से विचार-विमर्श कर जल्द ही उचित समाधान निकाला जाएगा।
बैठक में सेल प्रबंधन की ओर से मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार अमन, पर्सनल डिपार्टमेंट से अमित तिर्की मौजूद थे। वहीं यूनियन की ओर से केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़, सिकंदर पान, राजेश यादव, संजय सांडिल, राजेंद्र पृष्टि सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।





































No comments:
Post a Comment