Guwa (Sandeep Gupta) गुवा थाना क्षेत्र के गोरख नगर बस्ती से दो नाबालिग बच्चों के अचानक लापता हो जाने से इलाके में चिंता का माहौल है। जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे अपने घर से बिना बताए निकल गए थे। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किए जाने के बावजूद अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 2:00 बजे दोनों बच्चों को गुवा रेलवे स्टेशन पर देखा गया था। इस आधार पर आशंका जताई जा रही है कि वे गुवा से टाटानगर जाने वाली किसी ट्रेन में सवार होकर चले गए हों। बच्चों के लापता होने से उनके माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार, लापता बच्चों में पहला नाम राहुल गोप है, जिनके पिता का नाम संदीप गोप एवं माता लक्ष्मी देवी हैं। दूसरा बच्चा पवन गोप है, जिनके पिता शंकर गोप एवं माता मिथिला देवी हैं। दोनों बच्चों की उम्र लगभग 10 वर्ष बताई जा रही है। कपड़ों के हुलिए के अनुसार, राहुल गोप ने नीले रंग की शर्ट पहन रखी है, जबकि पवन गोप सफेद रंग की शर्ट में था। परिजनों ने बताया कि अब तक गुवा थाने में बच्चों की गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, हालांकि वे लगातार अपने स्तर से तलाश में जुटे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने अपील की है कि यदि किसी को इन दोनों बच्चों के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो वह तुरंत परिजनों या नजदीकी पुलिस थाना को सूचित करें, ताकि बच्चों को सुरक्षित उनके परिवार से मिलाया जा सके।

No comments:
Post a Comment