Guwa (Sandeep Gupta) सेल की किरीबुरू खदान स्थित सर्विस सेंटर में बुधवार को ट्रांसफार्मर में तेल डालने के दौरान अचानक आग लग जाने से एक ठेका श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गया। घायल श्रमिक की पहचान किरीबुरू के आर.सी. सिंह हाटिंग निवासी बिरसा के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिरसा ट्रांसफार्मर में तेल भरने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक तार में स्पार्क हुआ और उसके कपड़ों में आग पकड़ ली। आग इतनी तेजी से फैली कि वह बुरी तरह झुलस गया। हालांकि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उसे बिजली का करंट नहीं लगा है, बल्कि स्पार्क से लगी आग के कारण वह घायल हुआ।
घटना के तुरंत बाद कार्यस्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और घायल अवस्था में बिरसा को सेल के किरीबुरू जनरल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए आईजीएच राउरकेला रेफर कर दिया गया। घटना के बाद प्रबंधन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। श्रमिकों के बीच इस हादसे को लेकर चिंता का माहौल है और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।




































No comments:
Post a Comment