Jamshedpur (Nagendra) पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत माधवपुर पंचायत के पलाशडीह मोड़ में एक महत्वपूर्ण पर्यावरणीय पहल की शुरुआत की गई। ईम्पका के निदेशक डॉ. विक्रांत तिवारी के नेतृत्व में 5 लाख पौधे लगाने की महत्त्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने एक पौधा रोपण कर किया। मौके पर अवस्ता के प्रतिनिधि सुप्रतीक, जिप प्रतिनिधि माणिक चंद्र महतो, कांग्रेस नेता किशनलाल महतो, प्रखंड अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार महतो, मुखिया शत्रुघन सिंह, ग्राम प्रधान मंटू महतो एवं तरणी सिंह के अलावा माधवपुर हाई स्कूल के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।
उक्त कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत माधवपुर गांव में आरपीजी ग्रुप एवं आईएमपीसीए द्वारा आयोजित वृक्षारोपण आधारित सतत आजीविका कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुई। मौके पर मंत्री ने कहा कि झारखंड की महिलाओं ने ढाई करोड़ से अधिक पौधे लगाकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से कार्बन उत्सर्जन में कमी आती है और कार्बन क्रेडिट के लाभ की दिशा में यह एक सराहनीय पहल है। जल, जंगल और जमीन की रक्षा करते हुए महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं- यही सशक्त झारखंड की पहचान है।
मंत्री ने कहा कि झारखंड की महिलाओं ने अपने हिस्से के साथ-साथ अपने परिवार के पुरुषों के हिस्से का भी पेड़ लगाकर राज्य की कुल आबादी के बराबर पौधारोपण का रिकॉर्ड बनाया है। यह उपलब्धि असाधारण है। महिलाओं ने समझदारी के साथ घर-निर्माण में उपयोगी लकड़ी, आम, बांस, आंवला तथा अन्य फलदार और औषधीय पौधों का चयन किया है, जिनका प्रत्यक्ष लाभ समाज को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड, विशेषकर जमशेदपुर क्षेत्र की महिलाएं आम के बागान विकसित कर निर्यात तक कर रही हैं। जो आम कभी घरेलू उपयोग तक सीमित था, वही आज परिवारों की आय का सशक्त माध्यम बन गया है और महिलाओं की मेहनत का फल विदेशों तक पहुंच रहा है। मंत्री दीपिका ने कहा कि इस अभियान को और व्यापक बनाने की आवश्यकता है, क्योंकि जल, जंगल और जमीन झारखंड की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया पर्यावरण संकट से जूझ रही है, लेकिन झारखंड ने अब तक अपनी प्रकृति को काफी हद तक सुरक्षित रखा है। मंत्री ने मंईयां सम्मान योजना की उपलब्धियों को बताते हुए उसका सदुपयोग करने की अपील महिलाओं से की।




































No comments:
Post a Comment