Jamshedpur (Nagendra) देहरादून में पिछले दिनों घटित विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में बड़ा मोड़ सामने आया है। आरोपी और मृतक के भाई अरविंद शर्मा ने देहरादून पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस जांच में अब तक तीन शूटरों—आकाश प्रसाद, आशुतोष कुमार और विशाल—की पहचान की जा चुकी है। सीसीटीवी फुटेज में ये तीनों संदिग्ध घटना से पहले हरिद्वार में रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एक होटल में ठहरे हुए दिखाई दिए हैं। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने देहरादून जाने के लिए हरिद्वार से ही स्कूटी और मोटरसाइकिल किराये पर ली थी। वारदात को अंजाम देने के बाद वाहन वापस कर वे सभी फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून पुलिस की टीम जमशेदपुर पहुंचकर लगातार छानबीन कर रही है और कई महत्वपूर्ण सुराग जुटाए हैं।
प्रभात नामक व्यक्ति की तलाश ,आर्थिक दुश्मनी बनी हत्या की वजह -जांच में प्रभात नामक अपराधी की भूमिका भी सामने आई है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। बताया जाता है कि प्रभात ने ही अरविंद शर्मा को मानगो के एक मकान में ठहराया था। इसके बाद दोनों ने मिलकर विक्रम शर्मा को ठिकाने लगाने की साजिश रची। आरोप है कि अरविंद शर्मा ने शूटरों को हथियार भी उपलब्ध कराए। सूत्रों के अनुसार, विक्रम शर्मा ने प्रभात का ठेका और बैचिंग प्लांट का काम छिनवाकर अपने करीबी को दिला दिया था, जिससे प्रभात की करीब दो लाख रुपये मासिक आमदनी बंद हो गई थी। इसी आर्थिक दुश्मनी ने इस हत्याकांड को जन्म दिया।
जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग और अस्पताल में मौत की पुष्टि - देहरादून के डालनवाला थाना क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतक की पत्नी सोनिया की सहमति पर उनके करीबी मित्र अखिलेश सिंह ने कोतवाली में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। अखिलेश सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10:40 बजे उन्हें गौरव सिंह का फोन आया कि विक्रम शर्मा के साथ जिम में गंभीर घटना हो गई है। वे तत्काल मैक्स अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद विक्रम शर्मा को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, जिम से बाहर निकलते ही अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।
शूटर की गिरफ्तारी हेतु कई टीमें गठित, देहरादून में हुआ अंतिम संस्कार -डालनवाला पुलिस इंस्पेक्टर संतोष कुंवर ने बताया कि शूटरों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है, जिसमें आर्थिक विवाद और आपसी रंजिश को मुख्य कारण माना जा रहा है। इधर, शनिवार को देहरादून में विक्रम शर्मा का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम विदाई में उनके पारिवारिक मित्रों के साथ जमशेदपुर से भी कई करीबी लोग शामिल हुए। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने दोनों शहरों में अपराध और आपसी गैंगवार की आशंकाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है।




































No comments:
Post a Comment