Jamshedpur (Nagendra) कैरव गांधी चर्चित अपहरण कांड में पुलिस को एक और कामयाबी मिली है. जमशेदपुर पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता अमरिंदर सिंह उर्फ करतार सिंह को उसके चार साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया है. बता दें कि 13 जनवरी 2026 को बिष्टुपुर थाना इलाके में रहने वाले युवा उद्यमी कैरव गांधी को अज्ञात अपराधियों ने किडनैप कर लिया था. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए कैरव गांधी को किडनैपर्स के चंगुल से सुरक्षित बरामद कर लिया था. इस घटना में छह आरोपियों गुड्डू सिंह, अर्जुन सिंह, मोहम्मद इमरान आलम, रमेश राजा और मोहन कुमार प्रसाद को गिरफ्तार किया गया था. इस बीच, तकनीक की मदद से इस किडनैपिंग का राज परत दर परत खुल रहा है. पुलिस ने अपराधियों में से एक अमरिंदर सिंह उर्फ करतार सिंह को उसके चार अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया है.
मामले का खुलासा करते हुए, सीनियर एसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि साजिश करने वाला अमरिंदर सिंह उर्फ करतार सिंह लुधियाना, पंजाब का रहने वाला है और करीब छह महीने पहले जमशेदपुर के साकची इलाके में रह रहा था. जमशेदपुर में उसने अपने साथियों गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान, मनप्रीत सिंह और सुरजीत सिंह के साथ मिलकर अपहरण का प्लान बनाया. एसएसपी ने बताया कि वे कई महीनों से युवा उद्यमी कैरव गांधी की रेकी कर रहा था और फिर 13 जनवरी, 2026 को उसे किडनैप कर लिया. उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में पता चला कि अपहरण कांड में हर किडनैपर को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई थीं, ताकि पुलिस की जांच में मामला स्पष्ट ना हो सके. मनप्रीत सिंह ने ड्राइवर का काम किया, जबकि साजिशकर्ता अमरिंदर सिंह उर्फ करतार सिंह अपने साथियों गुड्डू इमरान और रमेश के साथ पुलिस की वर्दी पहनकर मौके पर पहुंचा. अपहरण की घटना को अंजाम देने के बाद, कैरव गांधी को बिहार के गया जिला के बिसार गांव में रखा गया था.
इस दौरान ये पांचों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए पंजाब, दिल्ली, कोलकाता और बिहार में छिप गए. इनके अन्य साथियों ने कमान संभाल रखा था. हालांकि, पहले गिरफ्तार हुए अपराधियों से पूछताछ और तकनीकी जांच के जरिए इन पांचों को ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार किए गए सभी अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. उन सभी अपराधियों की गिरफ्तारी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है . साथ ही अन्य अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी भी की जा रही है .




































No comments:
Post a Comment