Jamshedpur (Nagendra) जमशेदपुर के मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल में अब एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधा शुरू होने जा रही है. अस्पताल प्रशासन ने मरीजों और उनके स्वजनों के लिए एक अत्याधुनिक पब्लिक एड्रेस सिस्टम लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाया है. इस व्यवस्था के तहत अस्पताल परिसर में प्रवेश करते ही आगंतुकों को एक सुस्पष्ट, विनम्र और मार्गदर्शक स्वागत संदेश सुनाई देगा अस्पताल में आपका स्वागत है. यह अस्पताल आपका है, इसे स्वच्छ रखने में सहयोग करें . इस नई प्रणाली का उद्देश्य अस्पताल में स्वच्छता, अनुशासन और सुव्यवस्था को सुदृढ़ करना है. प्रसारित होने वाले संदेशों में खैनी-गुटखा , तंबाकू जैसे नशीले उत्पादों से दूर रहने, एक मरीज के साथ केवल एक अटेंडेंट रखने, लाइन में अनावश्यक भीड़ न लगाने, अपने नंबर का इंतजार करने तथा अस्पताल परिसर में कहीं भी थूकने से परहेज करने की अपील शामिल होगी.
प्रशासन का मानना है कि नियमित ऑडियो निर्देशों से न केवल जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि भीड़ प्रबंधन और मरीज सुविधा में भी सुधार होगा. इस पहल का ट्रायल बीते बुधवार को अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. जुझार माझी के नेतृत्व में किया गया. ट्रायल सफल रहा और अधिकारियों के अनुसार अगले दो दिनों में यह पब्लिक एड्रेस सिस्टम पूरी तरह से कार्यरत हो जाएगा. योजना के तहत सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक एक महिला स्वर में संदेशों का नियमित प्रसारण किया जाएगा, ताकि अस्पताल में आने वाले हर व्यक्ति तक आवश्यक जानकारी सहज और प्रभावी ढंग से पहुंच सके. अस्पताल प्रशासन का विश्वास है कि यह कदम एमजीएम अस्पताल को अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ और जागरूक स्वास्थ्य संस्थान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. आधुनिक तकनीक के समावेश से मरीजों को बेहतर अनुभव और कर्मचारियों को कार्य संचालन में सहूलियत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.




































No comments:
Post a Comment