Guwa (Sandeep Gupta) गुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रोवाम गांव में आगामी 12 और 13 मार्च को पारंपरिक मागे पर्व मनाया जाएगा। इस संबंध में गांव के मुंडा एवं ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से पर्व मनाने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता रोवाम गांव के मुंडा बुधराम सिद्धू एवं गांव के दियूरी मेगराम सिद्धू ने संयुक्त रूप से की। बैठक में गांव के पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मागे पर्व को हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाने पर चर्चा की गई। साथ ही पर्व के आयोजन की तैयारियों और विभिन्न जिम्मेदारियों को लेकर भी ग्रामीणों के बीच विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर मुंडा बुधराम सिद्धू ने बताया कि मागे पर्व आदिवासी समाज का एक महत्वपूर्ण पारंपरिक त्योहार है, जिसे गांव में हर वर्ष सामूहिक रूप से मनाया जाता है। इस दौरान पूजा-अर्चना, पारंपरिक रीति-रिवाज तथा सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिसमें गांव के सभी लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। बैठक में धनू सिद्धू, चुम्बूरु सिद्धू, चुबमरू पूर्ती सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ग्रामीणों ने मिलकर पर्व को सफलतापूर्वक आयोजित करने का संकल्प लिया।
No comments:
Post a Comment