Guwa (Sandeep Gupta) वेल-डन फ्यूचर एकेडमी, बड़ाजामदा में आज ई-श्रम और प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन (पीएमएसवाईएम) योजना को लेकर एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. बिनोद कुमार, सीएमओ, सेंट्रल हॉस्पिटल, बड़ाजामदा तथा उदयशंकर कुमार, कल्याण प्रशासक, श्रम कल्याण संगठन, बड़ाजामदा के नेतृत्व में किया गया। शिविर में बड़ाजामदा क्षेत्र के कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान उपस्थित लोगों को ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण के लाभ, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को भविष्य में पेंशन सहित कई सामाजिक सुरक्षा लाभ मिल सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान इच्छुक लोगों का नामांकन स्थानीय सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) की सहायता से कराया गया। शिविर में उपस्थित लोगों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पंजीकरण के प्रति रुचि दिखाई। आयोजकों ने कहा कि ऐसे जागरूकता शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक श्रमिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे भविष्य में मिलने वाले लाभों का फायदा उठा सकें।

No comments:
Post a Comment