Guwa (Sandeep Gupta) अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुवा सेल महिला समिति द्वारा रविवार देर शाम गुवा सेल क्लब में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं के उत्साहवर्धन और उनके प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत 8 मार्च को रंगोली एवं अल्पना प्रतियोगिता, 9 मार्च को मेहंदी एवं हेयर स्टाइल प्रतियोगिता, 10 मार्च को क्विज प्रतियोगिता, 11 मार्च को डिबेट प्रतियोगिता, 12 मार्च को बैडमिंटन एवं कैरम बोर्ड प्रतियोगिता, 13 मार्च को बास्केटबॉल एवं गोल्फ प्रतियोगिता आयोजित होगी।
इसके अलावा 14 मार्च को मटका रेस, म्यूजिकल चेयर एवं पिंक बॉल प्रतियोगिता, 16 से 18 मार्च तक क्रिकेट प्रतियोगिता, 20 मार्च को सिंगिंग प्रतियोगिता, 21 मार्च को डांस प्रतियोगिता तथा 22 मार्च को कुकिंग और चार्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। वहीं 29 मार्च को सभी विजेताओं के नाम घोषित कर पुरस्कार वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए महिला समिति की अध्यक्ष शालू कुमार ने कहा कि नारी शक्ति सृष्टि की आधारशिला है। देवी-देवताओं के नाम हों या नदियों के, कई स्थानों पर महिलाओं का नाम अग्रणी रूप में मिलता है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ महिलाओं को जागरूक और साहसी बनकर आगे आना होगा। इस मौके पर महिला समिति की अध्यक्ष शालू कुमार, सचिव जयश्री नंदकोलियर, श्वेता सिन्हा, पुष्पा सुमन, कविता देवांगन, गीता आनंद, गीता दास, डॉ. मोनिका भेंगरा, डॉ. पौलोमी सरकार, लिली भांग, बबली मालव, रजनी सुमन, निरुपमा दलाई, सुष्मिता, पुष्पा सुमन सहित कई महिलाएं उपस्थित थीं।

No comments:
Post a Comment