Guwa (Sandeep Gupta) झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन कार्यालय में शुक्रवार देर शाम एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने की। बैठक में बड़ी संख्या में ठेका मजदूर उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि ठेका मजदूरों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुवा सेल खदान में प्रबंधन द्वारा एमडीओ (माइन डेवलपर एंड ऑपरेटर) लागू करने की तैयारी की जा रही है, जिसका यूनियन कड़ा विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि एमडीओ लागू होने से मजदूरों का शोषण बढ़ेगा और ठेका मजदूरों तथा स्थायी कर्मियों की नौकरी पर भी खतरा मंडराएगा।
उन्होंने मजदूरों से एकजुट होकर सेल प्रबंधन के खिलाफ संघर्ष करने का आह्वान किया। कहा कि यदि एमडीओ लागू किया गया तो मजदूरों को मेडिकल सुविधा, समान कार्य के लिए समान वेतन, शिक्षा व्यवस्था जैसी कई सुविधाओं से वंचित होना पड़ेगा। साथ ही मजदूरों से 12 घंटे तक काम कराया जा सकता है और छंटनी की भी आशंका बढ़ जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सेल प्रबंधन मजदूरों की मांगों पर ध्यान नहीं देता है तो बहुत जल्द सेल का चक्का जाम कर आंदोलन तेज किया जाएगा। इसके लिए बुधवार को एक विशाल बैठक कर चक्का जाम को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़, संजु गोच्छाईत, संजय सांडिल, आरती होरो, राजेंद्र पृष्टि, बंसती देवी, बालासेन बाईदो, राजेश यादव, प्रशांत चाम्पिया, संजय ठाकुर, किशोर सिंह, रोहित पांडे सहित कई मजदूर उपस्थित थे।


No comments:
Post a Comment