Guwa (Sandeep Gupta) गुवा सेल खदान क्षेत्र के ओटी हिल 14 नंबर के नीचे शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब आयरन ओर उत्खनन कार्य में लगे एक डोजर में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग लगते ही वहां कार्यरत मजदूरों और कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। डोजर चला रहे ठेका मजदूर चालक ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत सूझबूझ का परिचय दिया और जलते हुए डोजर से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के तुरंत बाद सेल कर्मियों ने इसकी सूचना सेल प्रबंधन को दी।
सूचना मिलते ही प्रबंधन की ओर से पानी टैंकर को मौके पर भेजा गया। पानी टैंकर की मदद से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। हालांकि इस घटना में डोजर को कुछ नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद कुछ देर के लिए खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। वहीं प्रबंधन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
No comments:
Post a Comment