Guwa (Sandeep Gupta) स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) प्रबंधन ने कर्मचारियों से संबंधित एक महत्वपूर्ण परिपत्र जारी करते हुए बताया है कि सेल कर्मचारियों के वेतन से सेल एम्प्लॉइज सुपरएनुएशन बेनिफिट फंड (SESBF) के लिए की जा रही 2 प्रतिशत कटौती को 1 अप्रैल 2026 से बंद कर दिया जाएगा। यह निर्णय सेल में नई सेल पेंशन योजना (SPS) लागू होने के बाद लिया गया है। अब तक सेल के सभी कर्मचारी अपने मूल वेतन (बेसिक) और महंगाई भत्ते (डीए) का 2 प्रतिशत हिस्सा SESBF फंड में योगदान के रूप में देते थे, जिसका संचालन SESBF ट्रस्ट द्वारा किया जाता है। वहीं, सेल पेंशन योजना के तहत कंपनी की ओर से कर्मचारियों के लिए नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) में योगदान किया जा रहा है।
दोनों योजनाओं का उद्देश्य कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है, इसलिए SESBF में की जा रही कटौती को समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि कर्मचारियों को स्वेच्छा से अपने NPS टियर-1 खाते में बेसिक और डीए का 2 प्रतिशत अतिरिक्त योगदान करने का विकल्प दिया गया है। इसके लिए कर्मचारियों को जारी लिंक पर जाकर 21 दिनों के भीतर अपना विकल्प दर्ज करना होगा। यदि कोई कर्मचारी विकल्प नहीं चुनता है तो उसका योगदान शून्य माना जाएगा। यह परिपत्र महाप्रबंधक (मानव संसाधन) बिक्रम उप्पल के हस्ताक्षर से 5 मार्च 2026 को जारी किया गया है।
No comments:
Post a Comment