Guwa (Sandeep Gupta) सेल के गुवा प्रबंधन द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत गुवा सेल फुटबॉल मैदान में मंगलवार को एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार थे। उनके साथ महाप्रबंधक (कॉन्ट्रैक्ट) बी.के. सुमन, महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, महाप्रबंधक आर.के. सिंहा, महाप्रबंधक डॉ. टी.सी. आनंद, डीजीएम (सीएसआर) अनिल कुमार, नोवामुंडी भाग-एक की जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, पंचायत समिति सदस्य रेखा प्रसाद, भादों टोप्पो तथा महिला समिति अध्यक्ष शालू कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में ठाकुरा गांव की टीम और गुवासाई गांव की टीम आमने-सामने हुईं। रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों ने एक-एक गोल कर बराबरी हासिल की। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में भी दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद सिक्का उछालकर विजेता का फैसला किया गया। इसमें ठाकुरा गांव की टीम विजेता बनकर कप पर कब्जा जमाने में सफल रही। वहीं महिलाओं के फाइनल मुकाबले में नुईया गांव की टीम और लालजी हार्टिंग टीम के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। पेनल्टी शूटआउट में भी दोनों टीमें बराबरी पर रहीं।
अंत में सिक्का उछालकर विजेता घोषित किया गया, जिसमें नुईया गांव की टीम ने जीत दर्ज कर कप अपने नाम कर लिया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फुटबॉल में किक मारकर की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि चंद्रभूषण कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में जीत और हार दोनों ही महत्वपूर्ण हैं। हारने वाली टीम को निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि अगले वर्ष बेहतर तैयारी के साथ मैदान में उतरना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुवा सेल प्रबंधन ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रतिवर्ष इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित करता है और खिलाड़ियों को खेल सामग्री, जर्सी एवं फुटबॉल भी उपलब्ध कराता है।
कार्यक्रम के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को कप देकर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में रेफरी के रूप में जीवन हंसदा, हरीश पूर्ति, रोहित जेराई, अनूप नाग, सुप्रीत किसान और महावीर सोलंकी ने अपनी भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों ने भाग लिया, जिनमें 4 महिला और 6 पुरुष टीम शामिल थीं। इस अवसर पर देवाशीष चक्रवर्ती, नरेश दास, पंचम जॉर्ज सोय, प्रभात हाजरा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।




No comments:
Post a Comment