Jamshedpur (Nagendra) कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम में शुक्रवार तड़के एक हृदयविदारक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया, जब एक मरीज ने अस्पताल की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। मृतक की पहचान परसुडीह निवासी के रूप में हुई है, जिसे 16 मार्च को गंभीर हालत में अस्पताल के मेडिसिन वार्ड में भर्ती कराया गया था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मरीज लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहा था और उसे एचआईवी एवं टीबी से संक्रमित होने की आशंका जताई जा रही थी, हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय उसकी मां भी वहां मौजूद थी और उसने बेटे को यह कदम उठाने से रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह खुद को संभाल नहीं सका और अचानक चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था, विशेषकर ऊपरी मंजिलों पर मरीजों की निगरानी और सुरक्षा उपायों को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने भी इस घटना पर चिंता जताते हुए अस्पताल प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। वहीं, पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था।

No comments:
Post a Comment