Jamshedpur (Nagendra) टाटा स्टील ट्यूब डिवीजन, बर्मामाइंस में हॉस्पिटैलिटी सर्विस (हाउसकीपिंग) का कार्य करने वाले मुखी समाज के ठेका श्रमिकों को वेंडर बदलाव की प्रक्रिया के बाद काम से बैठा दिए जाने के विरोध में मंगलवार को श्रमिकों ने धरना दिया। धरना में बर्मामाइंस हरिजन बस्ती के लगभग 40 श्रमिक शामिल थे, जो लंबे समय से इस कार्य में लगे हुए थे। बताया गया कि वेंडर परिवर्तन के बाद इन श्रमिकों को काम से हटा दिया गया, जिसके कारण उनके समक्ष आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया। अपनी मांगों को लेकर सभी श्रमिक मुखी समाज के प्रमुख लोगों तथा भाजपा जमशेदपुर महानगर अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष पोरेश मुखी के नेतृत्व में टाटा ट्यूब डिवीजन गेट के समीप धरना पर बैठ गए और पुनः काम पर बहाल करने की मांग की।
धरना की सूचना मिलते ही जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित पहल की। विधायक पूर्णिमा साहू के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि गुंजन यादव ने टाटा स्टील के कॉरपोरेट रिलेशन विभाग से संपर्क कर श्रमिकों की समस्याओं और उनकी भावनाओं से कंपनी प्रबंधन को अवगत कराया। इसके बाद टाटा ट्यूब डिवीजन गेट पर कंपनी के वरीय अधिकारी भी पहुंचे और धरना पर बैठे श्रमिकों से वार्ता की। इस दौरान अधिकारियों ने श्रमिकों का मांग पत्र प्राप्त किया और उन्हें आश्वस्त किया कि आगामी शुक्रवार दो दिनों के भीतर वार्ता कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। साथ ही श्रमिकों को यथावत बहाल करने की प्रक्रिया भी पूरी करने का भरोसा दिया गया। कंपनी प्रबंधन के इस आश्वासन के बाद श्रमिकों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान होगा और उन्हें पुनः काम पर बहाल किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment