Guwa (Sandeep Gupta) झारखंड के छोटे से गांव गुवा के लिए गर्व का क्षण तब सामने आया है, जब यहां के प्रतिभाशाली कराटे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित कराटे फाइट लीग सीजन-5 में भाग लेने के लिए 29 अप्रैल 2026 को प्रस्थान करेंगे। यह भव्य टूर्नामेंट 1 मई से 3 मई तक हिमाचल प्रदेश में आयोजित होने जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। गुवा स्थित लक्ष्मी मार्शल आर्ट कराटे दोजो के बच्चों ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर इस बड़े मंच तक पहुंचने का गौरव हासिल किया है। एक छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना, इन खिलाड़ियों की लगन और संघर्ष का प्रतीक है।
पिछले पांच वर्षों से यह दोजो लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। यहां के खिलाड़ियों ने जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर गुवा का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के पीछे दोजो की प्रशिक्षक लक्ष्मी कुमारी, जो कि जापान कराटे-डो शिगेयोशी शोटोकन की प्रेसिडेंट और 4th डन ब्लैक बेल्ट हैं, का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके मार्गदर्शन और कड़ी ट्रेनिंग के कारण ही खिलाड़ी आज इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं। खिलाड़ियों के इस चयन से दोजो में खुशी का माहौल है। अभिभावकों और गुवा के ग्रामीणों ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षक को ढेरों शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिए हैं, ताकि वे प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजय हासिल करें। गुवा जैसे छोटे गांव के बच्चों का इतने बड़े मंच पर पहुंचना न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान की बात है। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।


No comments:
Post a Comment