Guwa (Sandeep Gupta) झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने गुवा सेल खदान क्षेत्र के जीरो प्वाइंट का दौरा कर आयरन ओर की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयरन ओर क्रशिंग से जुड़े टेंडर में गंभीर अनियमितताओं की आशंका जताई। उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि ठेकेदार द्वारा आयरन ओर का क्रशिंग किए बिना ही बिल पास करा लिया गया है, जिसके बाद उन्होंने स्वयं स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि बड़ी मात्रा में आयरन ओर बिना क्रशिंग के ही जीरो प्वाइंट पर जमा कर रखा गया है। यह आयरन ओर पहाड़ के समान ढेर के रूप में पड़ा हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि क्रशिंग कार्य सही तरीके से नहीं किया गया है।
इस स्थिति को देखते हुए मधु कोड़ा ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि यह सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और संभावित भ्रष्टाचार का संकेत हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है। इसके लिए वे जल्द ही केंद्रीय इस्पात मंत्री, इस्पात मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर विस्तृत जांच की मांग करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जांच के दौरान यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार सामने आता है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। मधु कोड़ा ने यह भी कहा कि खदानों से जुड़े ऐसे मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है, ताकि देश की प्राकृतिक संपदा का सही उपयोग हो सके और सरकारी राजस्व को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे। स्थानीय स्तर पर भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है और लोगों में जांच को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं।

No comments:
Post a Comment