- बेटियां पढ़ेंगी, तभी सशक्त बनेगा समाज: जगत माझी
Upgrade Jharkhand News. सोनुवा प्रखंड स्थित प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में गुरुवार का दिन छात्राओं के लिए एक नई उपलब्धि लेकर आया। विद्यालय परिसर में नवनिर्मित साइंस लैब का विधायक जगत माझी ने शिलान्यास किया।इस लैब के निर्माण से छात्राओं को विज्ञान के प्रायोगिक विषयों को समझने और सीखने में अब काफी सहूलियत होगी। सशिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जगत माझी ने कहा कि वर्तमान समय में विज्ञान की शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, बालिकाओं का शिक्षित होना एक परिवार के शिक्षित होने के समान है। यदि हमारी बेटियां पढ़-लिखकर आगे बढ़ेंगी, तो समाज और राष्ट्र अपने आप सशक्त होगा। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया और भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी उन्हें किसी भी प्रकार की शैक्षणिक सामग्री या सुविधा की आवश्यकता होगी, तो वे हर संभव प्रयास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शिक्षिकाओं ने विधायक को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें विद्यालय की आधारभूत समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया गया।
ज्ञापन में मुख्य रूप से विद्यालय में शौचालय की व्यवस्था, सुरक्षा के लिए चहारदीवारी का निर्माण और शुद्ध पेयजल की किल्लत को दूर करने की मांग की गई। छात्राओं के साथ सीधा संवाद करते हुए विधायक ने इन समस्याओं को गंभीरता से लिया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को आश्वस्त किया कि वे जल्द ही इन मूलभूत समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे ताकि छात्राओं को पढ़ाई में कोई बाधा न आए। इस अवसर पर विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका रंजीता महतो, सुसारी होरो, सुशीला बारला, तामाल कुमार दास, नेहा रानी प्रधान, सारिका पुरती, सोनाली महतो और मुकेश प्रधान सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित थे। इसके साथ ही झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो और मुखिया सोहन माझी ने भी कार्यक्रम में अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई।
आरबीसी गर्ल्स हॉस्टल का भी लिया जायजा -शिलान्यास कार्यक्रम के पश्चात विधायक ने एस्पायर संस्था द्वारा संचालित आरबीसी गर्ल्स हॉस्टल का भी दौरा किया। उन्होंने वहां रह रही छात्राओं से मुलाकात की, उनके खान-पान और शिक्षा के स्तर के बारे में जानकारी ली और उनकी पढ़ाई को लेकर उत्साहवर्धन किया।
प्रखंड कार्यालय में आम जनता की सुनी समस्याएं -विधायक जगत माझी ने प्रखंड कार्यालय स्थित अपने कक्ष में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आये ग्रामीणों ने विधायक से मिलकर अपनी बातों को रखा। ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली आदि की समस्याओं से अवगत कराया। विधायक ने जनता दरबार के दौरान आम लोगों की समस्याओं का त्वरित निदान के लिए बीडीओ सोमनाथ उरांव और सीओ अनुज टेटे को बुलाकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

No comments:
Post a Comment