Jamshedpur (Nagendra) ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र में चार महत्वपूर्ण पुलों के निर्माण की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत लंबित आधारभूत संरचना संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में ईचागढ़ प्रखंड के टीकर गांव में करकरी नदी पर टीकर पुल, चांडिल प्रखंड में एनएच-33 से जयदा मंदिर जाने वाले मार्ग पर पुल, कुकड़ू प्रखंड के बड़ालापांग व सम्पतडीह गांव के बीच शोभा नदी पर पुल तथा नीमडीह प्रखंड के लावा में पुल निर्माण की मांग की गई है।
विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि बरसात के दिनों में नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने से कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट जाता है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पुलों के निर्माण से विद्यार्थियों, मरीजों और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र में व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री से योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देकर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने का आग्रह किया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधायक की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित करने का आश्वासन दिया। यह जानकारी विधायक के आप्त सचिव सह झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो ने दी।

No comments:
Post a Comment